राजस्थान: सिरोही में पटवारी हत्याकांड का खुलासा, साजिश के तहत पीट-पीटकर की गई थी हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार

Wasim18 September 20262 min read0 viewsदेश
राजस्थान: सिरोही में पटवारी हत्याकांड का खुलासा, साजिश के तहत पीट-पीटकर की गई थी हत्या; 3 आरोपी गिरफ्तार

सिरोही: कैलाश नगर के पटवारी छगनलाल मेघवाल की हत्या के अनसुलझे मामले का एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना की जानकारी दी और पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 10 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे जावाल से कैलाश नगर मार्ग पर ओड़ा नहर के पास पटवारी छगनलाल मेघवाल की मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे का माना गया था। घटनास्थल पर पटवारी के दोनों पैर टूटे हुए मिले थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ CCTV फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में सामने आया कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि मारपीट कर की गई हत्या का मामला था।

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को पटवारी छगनलाल मेघवाल का कैलाश नगर निवासी सपना पुत्री ललित कुमार जाति रावल के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में पटवारी द्वारा सपना को तहसील कार्यालय से बाहर निकालने की धमकी देने और उसके साथ मारपीट करने की बात सामने आई थी। इसी घटना को लेकर बदला लेने की नीयत से सपना के भाई समीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पटवारी को सबक सिखाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद जब पटवारी जावाल की ओर जा रहे थे, तब आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल को रोककर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद उनके साथ गंभीर मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में घटना को सड़क हादसे का रूप देने की बात भी सामने आई है।

मामले में पुलिस ने समीर कुमार उर्फ सागर (19), निवासी कन्याशाला की गली, कैलाश नगर; मनीष कुमार उर्फ माही (19), निवासी पीपली की थान, सिरोही सदर, हाल रामसीन, जालौर; तथा प्रवीण कुमार (18), निवासी मेघवाल वास, कैलाश नगर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने उनका पीसी रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब मामले में वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Share:

Comments

Leave a comment