झालावाड़: भवानीमंडी शहर की महाकाल कॉलोनी में एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से करीब 2.50 लाख रुपये नकद, जेवरात तथा एक एलईडी टीवी चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान चोरों ने घर में आमलेट बनाकर खाया और चार तरह के अचार भी बांधकर ले जाने की तैयारी कर ली, लेकिन जल्दबाजी में उन्हें बाहर ही छोड़ गए।

जानकारी के अनुसार महाकाल कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह पुत्र दिलीप सिंह अपने परिवार के साथ इलाज के लिए मुंबई गए हुए थे, जिससे मकान कई दिनों से सूना पड़ा था। बुधवार सुबह जब पड़ोसी टहलने निकले तो उन्होंने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा। शक होने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर तथा खिड़की का लॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया। परिजनों ने फोन पर पुलिस को बताया कि घर से करीब 2.50 लाख रुपये नकद और जेवरात चोरी हुए हैं। पुलिस का कहना है कि परिवार के वापस लौटने के बाद ही चोरी गए सामान की सही जानकारी सामने आ सकेगी।

चोरी की वारदात के बाद घर में आमलेट बनाने और अचार बांधकर ले जाने की बात से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में रातभर सीपीओ द्वारा गश्त की जाती है और चोरी वाली जगह से करीब 100 मीटर दूरी पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहता है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।