नागरिकों के लिए पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, सुविधाजनक एवं जनोन्मुखी बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के क्रम में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा 23 से 25 अगस्त, 2026 तक समाहरणालय परिसर, सिवान में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह पहल विदेश मंत्रालय के प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम "पासपोर्ट सेवा – आपके द्वार" के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को उनके निवास स्थान के निकट ही पासपोर्ट संबंधी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। यह पहल विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप उत्तरदायी शासन, सार्वजनिक सेवाओं की सहज उपलब्धता तथा समावेशी विकास के प्रति भारत सरकार की सतत प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।

2. चूँकि डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK), सिवान में पासपोर्ट आवेदनों की संख्या निरंतर अधिक रहती है, इसलिए पासपोर्ट सेवाओं के विस्तार एवं आवेदकों को अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से इस विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, ताकि जिले में बढ़ती मांग के अनुरूप नागरिकों को समयबद्ध, सुलभ एवं प्रभावी पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

3. इस तीन दिवसीय शिविर का संयुक्त रूप से उद्घाटन 23 अगस्त, 2026 को श्री विवेक रंजन मैत्रेय, भा.प्र.से., जिलाधिकारी, सिवान तथा श्रीमती स्वधा रिज़वी, भारतीय विदेश सेवा, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना द्वारा किया जाएगा।

4. शिविर के दौरान कुल 165 आवेदकों के लिए पासपोर्ट संबंधी सेवाओं हेतु अपॉइंटमेंट निर्धारित किए गए हैं। प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं तथा अपॉइंटमेंट स्थान के रूप में "Passport Seva Mobile Van Camp, Collectorate Campus – Siwan" का चयन करें।

5. आवेदकों से अनुरोध है कि वे अपना अपॉइंटमेंट केवल पासपोर्ट सेवा पोर्टल के माध्यम से ही बुक करें तथा शिविर में आने से पूर्व सभी अनिवार्य दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित कर लें। साथ ही, सुचारु एवं त्वरित सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से वे अपने अपॉइंटमेंट पत्र में उल्लिखित समयानुसार ही शिविर स्थल पर उपस्थित हों।

6. विदेश मंत्रालय द्वारा अधिसूचित संशोधित पासपोर्ट शुल्क, जो 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी है, शिविर के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर भी समान रूप से लागू होगा। आवेदकों से अनुरोध है कि आवेदन प्रस्तुत करने से पूर्व लागू शुल्क एवं पात्रता संबंधी प्रावधानों का भली-भाँति सत्यापन कर लें।

7. अप्रैल, 2024 से अब तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा आयोजित यह 20वाँ पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा। बिहार के विभिन्न जिलों एवं संस्थानों में आयोजित ऐसे शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 2,700 पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सिवान में यह तीसरा पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर होगा। इससे पूर्व दिसम्बर, 2024 एवं जनवरी, 2025 में आयोजित शिविरों को नागरिकों से अत्यंत उत्साहजनक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई थी। इन शिविरों की सफलता तथा सिवान जिले में निरंतर बढ़ रही पासपोर्ट आवेदनों की संख्या इस क्षेत्र में पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती आवश्यकता एवं ऐसे जनहितकारी प्रयासों की निरंतरता की महत्ता को रेखांकित करती है।

8. विदेश मंत्रालय प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के माध्यम से पासपोर्ट सेवा वितरण प्रणाली का निरंतर आधुनिकीकरण कर रहा है, जिससे आवेदन प्रक्रिया अधिक सरल, तीव्र एवं सुरक्षित बन सके। जहाँ भी लागू हो, आवेदकों को डिजिलॉकर (DigiLocker) का उपयोग कर पात्र दस्तावेजों के सुरक्षित प्रस्तुतिकरण एवं सत्यापन हेतु प्रोत्साहित किया जाता है। इससे भौतिक दस्तावेजों पर निर्भरता कम होती है तथा आवेदन प्रक्रिया अधिक शीघ्र एवं सुगम बनती है।

9. नागरिकों से अनुरोध है कि वे पासपोर्ट संबंधी जानकारी एवं अद्यतन सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना समय-समय पर अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों (@RPOPatna) के माध्यम से जनहित सूचनाएँ, घोषणाएँ, विशेष शिविरों एवं जन-जागरूकता अभियानों से संबंधित जानकारी साझा करता है। साथ ही, आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अनधिकृत एजेंट अथवा बिचौलिये से बचें तथा शिविर में आने से पूर्व अपने आवेदन-पत्र एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित करें, जिससे उन्हें निर्बाध एवं सुविधाजनक सेवा प्राप्त हो सके।