अमेठी: पक्षी विहार के लिए चिन्हित तालाब की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर धान की रोपाई कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम सभा सम्भावा, तहसील गौरीगंज निवासी सुरेंद्र देव पांडेय ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्राम सम्भावा में उनकी जमीन गाटा संख्या 458 में स्थित है। आरोप है कि तालाब के लिए दर्ज गाटा संख्या 468, 463 और 455 की भूमि पर शिवबहादुर पांडेय और उनके पुत्र शैलेन्द्र पांडेय द्वारा कथित रूप से कब्जा कर धान की रोपाई कराई गई है। उनका आरोप है कि तालाब की आड़ में उनकी निजी भूमि के कुछ हिस्से पर भी कब्जा किया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने कथित कब्जे का विरोध किया तो उन्हें दबाव में लेने का प्रयास किया गया। प्रार्थना पत्र में विपक्षी पक्ष की शासन-प्रशासन में पहुंच होने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने प्रार्थना पत्र में बसंत तिवारी, जिन्हें सचिवालय में राजस्व विभाग में सेक्शन अफसर बताया गया है, से विपक्षी पक्ष की रिश्तेदारी होने का भी आरोप लगाया है। साथ ही शिवबहादुर पांडेय और शैलेन्द्र पांडेय को वरिष्ठ क्रिमिनल अधिवक्ता बताया गया है।

पैमाइश कराकर कब्जा हटाने की मांग

सुरेंद्र देव पांडेय ने मुख्यमंत्री से गाटा संख्या 463, 468 और 455 की विधिवत पैमाइश कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजस्व टीम मौके पर पहुंचकर अभिलेखों और वास्तविक स्थिति का मिलान करे। यदि जांच में तालाब या उनकी निजी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाकर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी और संबंधित राजस्व अधिकारियों से भी मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तालाब की भूमि को कथित कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।