बांदा: बिसण्डा थाना क्षेत्र में एक महिला के सनसनीखेज आरोपों ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। महिला ने अपने पति और उसके दो साथियों पर ट्रक में जबरन अगवा कर ले जाने और गले की माला व सोने की नथ लूट लेने का आरोप लगाया। शिकायत पुलिस अधीक्षक तक पहुंची तो जांच के आदेश हुए और अब इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हालांकि शुरुआती जांच में कहानी ने नया मोड़ ले लिया।चित्रकूट जनपद के भरतकूप थाना क्षेत्र के हुडा गांव निवासी अभिलाषा ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष लगातार प्रताड़ित करता था। इससे परेशान होकर वह मायके में रह रही थी।
महिला के अनुसार, बीती 9 जुलाई को उसका पति रामराज, अपने साथी जय सिंह और सीताराम के साथ ट्रक लेकर उसके गांव पहुंचा। आरोप है कि खेत के पास से उसे जबरन ट्रक में डालकर ले जाया गया। शोर सुनकर भाई और ग्रामीण पीछा करने लगे तो आरोपी पवईया गांव में एक मकान में घुस गए, जहां उसके गले की माला और सोने की नथ उतार ली गई। महिला ने अपनी जान को भी खतरा बताया।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिसण्डा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन मामले में सबसे बड़ा मोड़ तब आया, जब थानाध्यक्ष सीपी तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक विवेचना में अपहरण और लूट की घटना सही नहीं पाई गई है। जांच में मामला पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट का सामने आया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला ने अपहरण और जेवर लूटने के आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। अंतिम निष्कर्ष विवेचना पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।





