बरेली: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर मृतक के परिजनों को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अदालत के आदेश के बाद मीरगंज पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम कुल्छा खुर्द निवासी ओमप्रकाश मौर्या 10 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गांव के बाहर स्थित एक ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बरेली की ओर से तेज गति से आ रही बाइक संख्या यूपी-25-ईक्यू-4908 के चालक ने कथित रूप से लापरवाही से वाहन चलाते हुए ओमप्रकाश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल ओमप्रकाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल बरेली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी नीरज का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने 11 मई को थाना मीरगंज, 2 जून को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, 10 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और 16 जून को आईजी बरेली रेंज को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद पीड़िता ने धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवार को उम्मीद है कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।