इटावा: फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित इटावा पब्लिक स्कूल में बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक दर्दनाक हादसे में कक्षा-8 के 14 वर्षीय छात्र पिंटू राठौर की खिड़की से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्र की मौत के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं, वहीं स्कूल प्रशासन ने दावा किया है कि छात्र ने स्वयं खिड़की से छलांग लगाई थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

मृतक के पिता राजू राठौर ने आरोप लगाया कि स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है। उनका कहना है कि घटना के समय उनका बेटा खिड़की के पास बैठा था, लेकिन किसी शिक्षक या स्टाफ ने उस पर ध्यान नहीं दिया। यदि समय रहते उसे रोका जाता तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं स्कूल के प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि छुट्टी के समय छात्र लाइन बनाकर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पिंटू कक्षा में रुक गया, खिड़की खोली और लगभग 20 से 25 फीट की ऊंचाई से नीचे कूद गया। उनका दावा है कि पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।

घटना के तुरंत बाद शिक्षक और सुरक्षा गार्ड छात्र को बाइक से अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही ने उनके इकलौते बेटे की जान ले ली। उधर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।