मिर्जापुर: दिल्ली की चिंगारी जिले के ग्रामीण अंचलो में भी फैलने लगी है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को उपरौध अधिवक्ता समिति के बैनर तले अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। तहसील परिसर में नारेबाजी और चक्रमण करते हुए अधिवक्ताओं ने छात्रों की मांगें तत्काल स्वीकार करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।

 

समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे निहत्थे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।चक्रमण के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील गेट के सामने पुलिस को चकमा देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।

पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।प्रदर्शन में अरुण त्रिपाठी, अशोक मिश्रा, दिनेश कुमार मौर्य, गोविंद यादव, मिथिलेश सिंह, अनिल कुमार शुक्ला, गुलाब सिंह पटेल, धनेश्वर गौतम, भोलानाथ सुमन, सुरेश कुमार मिश्रा, कमलेश कुमार गौतम, प्रभुनाथ दुबे, नेबूलाल दुबे, संतोष कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।