चंदौली: जनपद के शहाबगंज विकास खंड अंतर्गत यूपी-बिहार सीमा पर स्थित इलिया कस्बे के प्राथमिक विद्यालय संख्या-2 में लगातार हो रही बारिश के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. विद्यालय परिसर पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गया, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
गुरुवार सुबह विद्यालय पहुंचे बच्चों को घुटनों तक भरे पानी से होकर स्कूल परिसर में प्रवेश करना पड़ा. कई छोटे बच्चे जलभराव और गंदे पानी के कारण विद्यालय के बाहर से ही वापस लौट गए. विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से पढ़ाई-लिखाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई और शिक्षकों को भी कक्षाओं तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभु कुमार ने बताया कि विद्यालय परिसर से पानी की निकासी के लिए बनी नाली जाम होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है. लगातार बारिश के चलते पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है, जिससे पूरा परिसर जलमग्न हो गया है.
प्रधानाध्यापक ने आशंका जताई कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो पानी कक्षाओं के भीतर भी प्रवेश कर सकता है, जिससे पठन-पाठन पूरी तरह बाधित होने की संभावना है. उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है.
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ने आते हैं. ऐसे में घुटनों तक पानी में होकर विद्यालय पहुंचना उनके लिए जोखिम भरा है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल जलभराव की समस्या का समाधान कर बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है.





