मथुरा: थाना जैत क्षेत्र के गांव बाटी में महिला की गला रेतकर हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. थाना जैत पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ लुक्का पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया. वहीं, उसके पिता और मां को साक्ष्य छिपाने और लूटे गए सामान को ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवरात, नकदी, हत्या में प्रयुक्त चाकू और अवैध तमंचा बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, 27-28 जुलाई की रात गांव बाटी में महिला की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था. जांच में सामने आया कि आरोपी विष्णु उर्फ लुक्का को पता था कि मृतका स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का काम करती थी और उसके पास अक्सर नकदी रहती थी. इसी लालच में उसने चोरी की योजना बनाई.
वारदात की रात मृतका के पति और दोनों बेटे घर से बाहर थे. बारिश के कारण आसपास के लोग भी अपने घरों में थे. आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और चोरी करने लगा. आहट होने पर महिला की नींद खुल गई. पहचान होने के डर से आरोपी ने उसका मुंह दबाकर चाकू से कई वार किए और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद उसके शरीर से कुंडल, बालियां, नाक की लौंग, पायल समेत अन्य जेवर उतार लिए और घर से नकदी व श्यामजी का लॉकेट भी ले गया.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद आरोपी के माता-पिता ने भी उसका साथ दिया. आरोपी की मां ने हत्या में प्रयुक्त चाकू छिपाया, जबकि पिता ने लूटे गए जेवर और नकदी को ठिकाने लगाने में मदद की. वहीं, आरोपी ने खून से सने कपड़े धोकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया.
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इसी दौरान सूचना मिली कि मुख्य आरोपी गांव बाटी से मघेरा रोड की ओर जाने की फिराक में है. थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय वृंदावन भेजा.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या और लूट की वारदात कबूल की. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए. वहीं, उसके माता-पिता के कब्जे से लूटे गए आभूषण, श्यामजी का लॉकेट और 13,500 रुपये नकद बरामद किए गए. मृतका के परिजनों ने बरामद जेवर और लॉकेट की पहचान मृतका के सामान के रूप में की.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक जोड़ी पायल, कानों के कुंडल, बालियां, नाक की लौंग, श्यामजी का लॉकेट और 13,500 रुपये नकद बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ लुक्का के खिलाफ पहले भी गैंगरेप समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है. मामले के खुलासे में थाना जैत पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही.





