आजमगढ़। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराने की साजिश का आजमगढ़ पुलिस ने एक और खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में वाराणसी निवासी करीब 27 वर्षीय कुश पटेल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
मामला 9 अगस्त 2026 का है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान ब्लॉक-A के एक कक्ष में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी आलोक पटेल की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर कक्ष निरीक्षकों ने उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कान के अंदर से हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर के अंदर से सिम लगा ब्लूटूथ डिवाइस तथा दो सेल बैटरियां बरामद हुई थीं।
पूछताछ में अभ्यर्थी ने बताया था कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से परीक्षा के दौरान बाहर से प्रश्नों के उत्तर बताकर उसे नकल कराने की योजना थी। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आलोक पटेल और विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
इसी मामले की जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी कुश पटेल पुत्र बेचन राम पटेल, निवासी सिहोरवा, थाना जन्सा, जनपद वाराणसी को पुलिस ने गुरुवार को दोपहर में नरौली तिराहा बंधा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले विरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू ने अभ्यर्थी के माध्यम से परीक्षा में नकल कराने के संबंध में उससे बातचीत की थी। इसके बाद वह अन्य साथियों के संपर्क में आया। हियरिंग डिवाइस और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए अभ्यास कराया गया और परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से उत्तर बताने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए अभ्यर्थी से 6 लाख रुपये लिए जाने की बात तय हुई थी।
पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दिन कुश पटेल अपने साथियों के साथ अभ्यर्थी आलोक पटेल को लेकर वाराणसी से आजमगढ़ आया था। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर चला गया, जबकि अन्य लोग बाहर उसका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गतिविधियां बढ़ने और एक अभ्यर्थी के पकड़े जाने की जानकारी मिलने पर वे लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।





