चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अलीनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आशीष शुक्ला नामक युवक ने सोमवार रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी जताई गई।
मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता अलीनगर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
भाजपा मंडल महामंत्री जय किशन गौड़ ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। उन्होंने कहा कि इसी मामले को लेकर कार्यकर्ताओं ने थाने में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
वहीं, शिकायतकर्ता पंकज शाह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद करीब पांच-छह कार्यकर्ता अलीनगर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया।पुलिस की कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ताओं ने संतोष जताया। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे की धाराओं की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।





