उत्तरप्रदेश: मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल से महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण

News Desk21 September 20262 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल से महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण

गोण्डा: देवीपाटन मण्डल में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर संचालित “माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद” अब महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का प्रभावी मंच बन रहा है। मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के मार्गदर्शन में चल रहे इस संवाद के माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख रही हैं, वहीं संबंधित विभागों द्वारा शिकायतों के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुराने विवादों के निस्तारण और पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने से इस पहल के प्रति महिलाओं का भरोसा मजबूत हो रहा है।

अवैध कब्जे से मिली मुक्ति, महिला को मिला न्याय

माँ पाटेश्वरी शक्ति संवाद के माध्यम से बलरामपुर जनपद की सेजवल निवासी कामनी पत्नी मेवालाल ने विपक्षी द्वारा किए गए अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी द्वारा जांच कराई गई, जिसके बाद अवैध कब्जे से मुक्ति दिलाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से शिकायतकर्ता महिला को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासनिक सहयोग मिला।

दुर्घटना में पति की मौत के बाद मिला योजना का लाभ

इसी क्रम में अजुल कुमारी पत्नी स्वर्गीय महादेव के पति की दुर्घटना में मृत्यु के बाद मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाने के संबंध में शिकायत मण्डलायुक्त के समक्ष रखी गई थी। प्रकरण की जांच कराई गई और संबंधित महिला को योजना से लाभान्वित किया गया। यह मामला दर्शाता है कि शिकायतों के निस्तारण के साथ पात्र परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

Share:

Comments

Leave a comment