उत्तर प्रदेश: फतेहपुर में महिला ठेकेदार से 25 लाख की कथित रंगदारी मांगने का आरोप, भाजपा नेताओं समेत 12 पर FIR

News Desk14 September 20261 min read0 viewsदेश
उत्तर प्रदेश: फतेहपुर में महिला ठेकेदार से 25 लाख की कथित रंगदारी मांगने का आरोप, भाजपा नेताओं समेत 12 पर FIR

फतेहपुर: जिले में एक महिला ठेकेदार से 25 लाख रुपये की कथित जबरन मांग करने, गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेताओं समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला 29 मई 2026 की शाम का बताया जा रहा है। महिला ठेकेदार की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वह अपनी कार से जा रही थी। आरोप है कि तांबेश्वर चौराहे के पास आरोपियों ने उसकी कार रोक ली और उसके साथ गाली-गलौज व अभद्रता की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उस पर 25 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। रकम देने से इनकार करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।

मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एसपी अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 191(2), 126(2), 352, 351(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

एफआईआर में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें भाजपा नेता संजय पाण्डेय, प्रशून तिवारी, अमन अग्निहोत्री, लोकेश त्रिपाठी, शिक्षक प्रांशु द्विवेदी, अभिषेक बाजपेई, विभूति नारायण दीक्षित, आदर्श मिश्रा, प्रशान्त बाजपेई, राजा, रितेश और अंकित अग्निहोत्री शामिल हैं।

घटना के बाद जिले में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment