बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी और पूर्व प्रेमी को झूठे मामले में फंसाने का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक्सेस इस्तेमाल कर खुद को ही धमकी भरे मैसेज भेज दिए और फिर उसी के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। युवक की शिकायत और जांच के बाद अब पुलिस ने उल्टा युवती के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आईडी की जांच की तो उड़ा होश
सीबीगंज की लेबर कॉलोनी निवासी अमन घिल्डियाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दी शिकायत में बताया कि उसे सूचना मिली थी कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी से युवती और उसकी बहन को धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं। जब अमन ने अपनी आईडी लॉगिन करने की कोशिश की, तो पता चला कि उससे जुड़ी ईमेल आईडी बदल दी गई है। पासवर्ड रिकवर करने का ओटीपी (OTP) भी उसी बदली हुई ईमेल पर जा रहा था।
अकाउंट की रिकवरी से खुला राज
अमन ने अपनी इंस्टाग्राम गतिविधियों की पड़ताल की तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उसकी आईडी से जुड़ा नया जीमेल अकाउंट युवती के नाम से लिंक था। अमन के अनुसार, दोनों पहले आपसी सहमति से संबंध में थे, जिस दौरान युवती के पास उसके इंस्टाग्राम आईडी का पासवर्ड और एक्सेस मौजूद था।
अमन ने आरोप लगाया कि युवती ने उसे झूठे केस में फंसाने के लिए खुद ही उसकी आईडी से मैसेज भेजे और उनके स्क्रीनशॉट तैयार किए। युवक का यह भी कहना है कि पेश किए गए स्क्रीनशॉट या तो एडिटेड हैं या एआई (AI) की मदद से बनाए गए हैं।
तकनीकी जांच और साइबर सेल की मांग
अमन ने साइबर सेल के जरिए आईपी एड्रेस, आईएमईआई (IMEI) नंबर और पोर्ट संख्या की गहराई से जांच कराने की मांग की है ताकि साजिश का सच सामने आ सके। उल्लेखनीय है कि गत 14 मई को युवती के पिता ने भी अमन पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था।
सीओ सेकंड नितिन कुमार ने बताया कि युवक द्वारा दी गई तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद से तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।




