उत्तरप्रदेश: मुख्य आरसीसी मार्ग पर गंदा पानी, आवागमन दुश्वार; स्थायी समाधान की मांग

News Desk23 September 20261 min read0 viewsदेश
उत्तरप्रदेश: मुख्य आरसीसी मार्ग पर गंदा पानी, आवागमन दुश्वार; स्थायी समाधान की मांग

इटावा: नगला इन्छा गांव में भट्ठे की ओर से गांव में प्रवेश करने वाले मुख्य आरसीसी मार्ग पर जलभराव ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। बारिश के बाद स्थिति और भी विकट हो जाती है।

ग्रामीणों शिवम, आलोक, राजेंद्र, बबलू, रवि और मोहन आदि ने बताया कि रोजमर्रा के कामकाज के अलावा खेती-बाड़ी के लिए भी इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के बीच से निकलने में कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब बड़ों को रास्ता पार करने में परेशानी हो रही है तो स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव की समस्या को लेकर कई बार एसडीएम और ग्राम प्रधान को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद किसी सक्षम अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या केवल एक मार्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव के कई हिस्सों में जलभराव और खराब रास्तों की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे।एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment