रायबरेली: जगतपुर कोतवाली क्षेत्र के पालकीहार मजरे चिचौली गांव में शनिवार की देर रात एक वृद्ध की बेरहमी से कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात को गांव के ही 22 वर्षीय युवक ने अंजाम दिया, जिसे शक था कि तीन साल पहले उसके पिता की मौत वृद्ध की झाड़-फूंक के कारण हुई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज सात घंटे के भीतर आरोपी को आलाकत्ल (कुल्हाड़ी) और नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

नहर किनारे झोपड़ी में रहते थे रामलखन

पालकीहार मजरे चिचौली निवासी रामलखन पासी (60) पुत्र चितई की पत्नी का निधन नौ वर्ष पूर्व हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद से रामलखन गांव के बाहर नहर के किनारे झोपड़ी बनाकर अकेले रहते थे तथा पास स्थित मंदिर में सेवादारी करते थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे झोपड़ी के बाहर उनका लहूलुहान शव पड़ा मिला, जिसके सिर के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी के गंभीर निशान थे।

​झाड़-फूंक के शक में मारी कुल्हाड़ी

एसपी रवि कुमार, सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी व जगतपुर थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में सामने आया कि रामलखन नशेड़ी थे। पुलिस ने गांव के नशेड़ियों की धरपकड़ शुरू की तो गांव के ही 22 वर्षीय शिवम कुमार उर्फ पुष्पेंद्र कुमार पासी को हिरासत में लिया गया। सीओ डलमऊ के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि तीन साल पहले उसके पिता रामविलास की मौत हो गई थी, जिसका कारण वह रामलखन की झाड़-फूंक को मानता था। शनिवार रात वह झोपड़ी पहुंचा और सो रहे रामलखन को बाहर बुलाकर सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ दो वार कर दिए।

​पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल, परिवार में मातम

आरोपी की निशानदेही पर नहर में फेंकी गई कुल्हाड़ी तथा उसके घर से चिलम व गांजा बरामद किया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। उधर, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाहर नौकरी करने वाला बेटा राममिलन खबर मिलते ही घर के लिए निकल पड़ा, वहीं शादीशुदा बेटी सन्नो देवी रो-रोकर बदहवास हो गई।