उत्तर प्रदेश : गोवध समेत कई मामलों में वांछित दो इनामी गिरफ्तार, एक पर 36 तो दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज

आजमगढ़ : जनपद में गोवध सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से संलिप्त अंतर्जनपदीय गिरोह के दो इनामी अभियुक्तों को फूलपुर पुलिस और विशेष अपराध नियंत्रण टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव निवासी सलमान (37) पुत्र फिरोज और सज्जाद (51) पुत्र अजीज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सलमान पर 25 हजार रुपये और सज्जाद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, जिलाधिकारी की ओर से अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर 5 जून 2026 को थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 190/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) और 2(ख)(17) में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में दोनों अभियुक्त वांछित चल रहे थे। मुकदमे की विवेचना थाना पवई के प्रभारी निरीक्षक कर रहे हैं।
पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ अभियुक्तों की तलाश में जुटे थे। सोमवार, 19 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह 11:35 बजे सतुवहिया पुलिया से कुछ पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरोह से जुड़े होने की बात कही
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपने गिरोह के सक्रिय होने और साथियों के साथ मिलकर गोवध करने की बात बताई। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सलमान के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 36 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, सज्जाद के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और अन्य धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। ये मामले आजमगढ़ के अलावा अंबेडकरनगर, जौनपुर, मऊ, गोंडा, देवरिया, प्रतापगढ़, अयोध्या और संतकबीरनगर सहित विभिन्न जनपदों से संबंधित हैं।