दिल्लीवासियों को झेलना पड़ सकता है, इस पूरे सप्ताह सर्दी का सितम

Wasim2 January 20242 min read0 viewsदेश

नयी दिल्ली 02 जनवरी (कड़वा सत्य) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मंगलवार को भी सर्द हवाओं के
साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड से लोगों को दो-चार होना पड़ा। सुबह राजधानी के कई इलाकों में कोहरा छाया रहा।
मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह कड़ाके की सर्दी के कहर बरपाने के आसार जताये हैं।
राजधानी में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। तापमान में गिरावट भी जारी है और पर्वतीय इलाकों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है और लोगों को सर्द हवाओं को सितम झेलना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। राजधानी में सुबह आंशिक रूप से बादल छाये रहे और 10 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से हवा चल रही
है। पिछले वर्ष आज ही के दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने आज तड़के तीन बजे से बुधवार तड़के तीन बजे यानी 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिन दिल्ली और इससे सटे इलाके नोएडा, गाजियाबाद आदि में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 269 मापा गया, जिसे खतरनाक श्रेणी में माना जाता है।
आज सुबह 8.30 बजे तक पालम में दृश्यता 1200 मीटर थी, जबकि सफदरजंग में 500 मीटर दर्ज की गई।दृश्यता कम होने से दिल्ली क्षेत्र में आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। दिल्ली में लगभग 26 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पीछे चल रही है और आने वाली ट्रेनों में छह घंटे तक की देरी हो सकती है।
उप्रेती.श्रवण

Share:

Comments

Leave a comment