मुर्मु ने राष्ट्रपति निलयम में आगंतुक सुविधा केन्द्र का उद्घाटन किया

Wasim6 March 20241 min read0 viewsदेश

नयी दिल्ली 06 मार्च (कड़वा सत्य) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से हैदराबाद स्थित राष्ट्रपति निलयम में आगंतुक सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया।
राष्ट्रपति ने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रपति निलयम में ऐतिहासिक लकड़ी के झंडे की 120 फीट की प्रतिकृति, जय हिंद बावड़ी, भूलभुलैया उद्यान, बाल उद्यान पार्क और रॉक गार्डन में दिव्य शिव और उनके नंदी बैल की मूर्तियां सहित विभिन्न ऐतिहासिक आकर्षण आगंतुकों को देश की सांस्कृतिक समृद्धि को पूर्ण रूप से जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। यह आगंतुक सुविधा केंद्र देश की समृद्ध विरासत से लोगों को जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति निलयम में आगंतुक सुविधा केंद्र सभी आगंतुकों के लिए वन-स्टॉप सुविधा के रूप में यहां आने वालों को विशिष्ट अनुभव उपलब्ध कराएगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि इन को विकसित करने का उद्देश्य युवा और उत्साही समुदाय काे आगे लाना है जो राष्ट्र की समृद्ध विरासत को बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी युवाओं से राष्ट्र के इतिहास को जानने और समझने के सुअवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से समृद्ध विरासत का संरक्षण और देश की एकता तथा विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदर्यराजन और तेलंगाना सरकार के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राष्ट्रपति निलयम राष्ट्रपति के दक्षिण भारत प्रवास की अवधि को छोड़कर पूरे वर्ष आम जनता के लिए खुला रहता है। आगंतुक राष्ट्रपति भवन की वेबसाइट के माध्यम से अपना स्लॉट ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।
संजीव

Share:

Comments

Leave a comment