छिंदवाड़ा में शहीद पुलिस जवान के परिजन को एक करोड़ की सहायता राशि: यादव

Wasim19 January 20241 min read0 viewsराजनीति

भोपाल, 19 जनवरी (कड़वा सत्य) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले में अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद पुलिस जवान के परिजन को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की घोषणा की है।
डॉ यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, 'छिंदवाड़ा जिले में हृदय विदारक घटना में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मध्‍यप्रदेश पुलिस के जांबाज सिपाही एएसआई नरेश शर्मा जी का दु:खद निधन पीड़ादायक है। मैं परिजनों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। वीर पुलिसकर्मी को शहीद का दर्जा और राज्य सरकार द्वारा उनके परिवार को श्रद्धा निधि के रूप में 1 करोड़ रूपए की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही स्‍व. श्री शर्मा के परिवार के एक सदस्‍य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।'
उन्होंने बताया कि घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मध्यप्रदेश में इस तरह का अक्षम्य अपराध करने वाले किसी भी आरोपी को नहीं बख्शा जाएगा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छिंदवाड़ा जिले के माहुलझिर थाने में तैनात एएसआई नरेश शर्मा पर कल एक बदमाश ने एसयूवी चढ़ा कर उनकी हत्या कर दी थी। आरोपी एक पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए वहां से भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान एएसआई ने इसकी सूचना मिलने पर बैरियर लगा कर आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें गाड़ी से कुचल दिया। मामले में आरोपी को कल ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
वहीं इस मामले को लेकर राज्य में राजनीति भी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक हैडल से की गई एक्स पोस्ट में सरकार से सवाल किया गया है कि राज्य में पुलिस अब इतनी असुरक्षित क्यों हो गई है।
गरिमा

Share:

Comments

Leave a comment