बीरेन सिंह ने इंफाल रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखी

Wasim29 January 20241 min read0 viewsराजनीति

इंफाल, 29 जनवरी (कड़वा सत्य) मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने सोमवार को इंफाल पश्चिम में तकयेल खोंगबल मनिंग लीकाई में इंफाल रिंग रोड परियोजना की आधारशिला रखी।
लगभग एक हजार 766 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की वित्तीय सहायता से शुरू किया जाएगा।
श्री बीरेन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार कई विकासात्मक परियोजनाएं चला रही है जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा और नेताओं को हमेशा जमीनी स्तर पर लोगों के कल्याण के लिए काम करना चाहिए।
राज्य में शुरू की गई विभिन्न परियोजनाओं के बारे में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि लाम्फेलपैट वाटरबॉडी कायाकल्प परियोजना लगभग 650 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में 300 एकड़ जल निकाय क्षेत्र और मनोरंजन केंद्र के लिए लगभग 140 एकड़ जमीन शामिल है।
श्री सिंह ने केबल कार के माध्यम से चेइरो चिंग में मनोरंजन केंद्र और इंफाल व्यू टॉवर को जोड़ने की सरकार की योजना की जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जो प्रवासी पक्षी पहले देखे जाते थे, वे लगभग 109 वर्षों के बाद इन दिनों लाम्फेलपाट में देखे जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा नंबुल नदी को साफ करने और पाइपलाइनों के माध्यम से सीवरेज उपचार संयंत्र तक घरेलू कचरे के परिवहन के जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने जल निकायों के संरक्षण की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए, बड़े पैमाने पर वनों की कटाई के माध्यम से पर्यावरणीय गिरावट और भविष्य में राज्य को पानी की कमी की समस्या का सामना करने की आशंका को लेकर चिंता जतायी।
सैनी, यामिनी

Share:

Comments

Leave a comment