भाजपा के गुंडो के हमले से हम डरने वाले नहीं : कांग्रेस

Wasim21 January 20243 min read0 viewsराजनीति

नौगांव (असम), 21 जनवरी (कड़वा सत्य) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा पार्टी नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की लोगों ने असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दल के लोगों पर रविवार को हमला किया है लेकिन कहा कि इस तरह के हमले से हम डरने वाले नहीं हैं।
श्री खड़गे ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व सरमा के इशारे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला हुआ है लेकिन वह डरने वाले नहीं है। कांग्रेस के वह मजबूत कार्यकर्ता है और इस तरह के हमलों से हम डरते नहीं हैं।
मुख्यमंत्री सरमा पर करारा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा,“मेरी बिल्ली मुझी से म्याऊं। जो बिल्ली हमारे पास थी वह आज हमको ही म्याऊ कर रही है। ऐसे हमने बहुत से लोगों को देखा है। हम डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस किसी से डरती नहीं है। हमारे लोग देश के लिए फांसी पर चढ़े हैं। हमने अंग्रेजों को भगाया। हम अंग्रेजों से नहीं डरे तो क्या हम भाजपा से डरेंगे।”
श्री गांधी ने कहा,“सबके लिए खुली है मोहब्बत की दुकान, जुड़ेगा भारत, जीतेगा हिंदुस्तान। आज भाजपा के कुछ कार्यकर्ता झंडा लेकर हमारी बस के सामने आए। मैं बस से बाहर निकला, वो भाग गए। ये क्या सोचते हैं कि हम भाजपा से डर जाएंगे। हमारे जितने पोस्टर फाड़ने हैं, फाड़ दो, हमारे पम्फलेट जितने फ़ाड़ने है फाड़ दीजिए, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारी विचारधारा की लड़ाई है, हम किसी से नहीं डरते हैं। न ही नरेंद्र मोदी से, न असम के मुख्यमंत्री से।”
न्याय यात्रा में शामिल कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश हमले पर कहा, “सुनीतपुर के जुमुगुरीहाट में मेरे वाहन पर अनियंत्रित भाजपा भीड़ ने हमला किया था और विंडशील्ड पर लगे भारत जोड़ो न्याय यात्रा के स्टिकर भी फाड़ दिए। उन्होंने पानी फेंका और हमारे विरोध में नारे लगाये लेकिन हमने संयम बनाए रखा, गुंडों को माफ कर दिया और तेजी से आगे बढ़ गए। यह निस्संदेह असम के मुख्यमंत्री का काम है। हम डरे नहीं हैं और संघर्ष करते रहेंगे।”
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा,“भाजपा के गुंडों ने मीडियाकर्मियों पर हमला किया और उनके उपकरण छीन लिये। हमारे कुछ कार्यकर्ता भी हमले की चपेट में आए हैं।”
पार्टी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर कहा,“असम में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान भाजपा के गुंडों ने कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश की गाड़ी को रोका, गाड़ी पर लगे यात्रा के स्टीकर को फाड़ दिया। भाजपा के गुंडों ने कांग्रेस सोशल मीडिया टीम के कैमरामैन और अन्य सदस्यों पर भी हमला किया, जिसमें महिलाएं भी थीं।”
पार्टी ने कहा,“इन गुंडों के हाथ में भाजपा का झंडा था। साफ है कि यह घटना सीधे तौर पर असम के मुख्यमंत्री के इशारों पर की गई है। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को मिल रही सफलता ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। वे डरे और घबराए हुए हैं। यही वजह है कि वे इस तरह की कायराना हरकत पर उतर आए हैं। लेकिन, हम इन गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। कोई भी शक्ति इस यात्रा को नहीं रोक सकती।”
अभिनव.संजय

Share:

Comments

Leave a comment