सुरक्षित और समृद्ध हुआ है भारत : योगी

Wasim15 March 20243 min read0 viewsराजनीति

गोरखपुर 15 मार्च (कड़वा सत्य) उत्तर प्रदेश के मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते दस सालों में भारत बदल चुका है और सुरक्षित एवं समृद्ध हुआ भारत दुनिया का सिरमौर बनने की ओर अग्रसर हो चुका है।
योगी शुक्रवार को दोपहर बाद मानबेला में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 1878 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि दस वर्ष में भारत विश्व की ग्यारहवीं से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्हांने कहा कि अब मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का मतलब देश में हर व्यक्ति की आय कई गुना बढ़ जाएगी। तब जन कल्याण की हर योजना संतृप्तिकरण के शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त कर लेगी।
उन्होंने गोरखपुर के नई टाउनशिप राप्तीनगर विस्तार एवं स्पोर्ट्स सिटी के साथ 25 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 51 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मंच पर नया सवेरा में कियॉस्क पाने वाले स्ट्रीट वेंडर को आवंटन प्रमाण पत्र भी वितरित किए जबकि मंचीय कार्यक्रम से पूर्व भूमिपूजन, विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन तथा नन्हे मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से जुड़ चुका है और यह संकल्प .विकसित उत्तर प्रदेश. से ही पूरा होगा। विकसित उत्तर प्रदेश के .विकसित गोरखपुर. जरूरी है। विकसित देश, प्रदेश और जनपद का मतलब है बिना भेदभाव सबको शासन की सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित होना। उन्होंने कहा कि जब सभी को सुविधाओं का लाभ मिलेगा तो सबके चेहरे पर खुशहाली आएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से उच्च स्वर में .हमारा संकल्प विकसित भारत. का उद्घोष भी कराया।
योगी ने कहा कि सरकार हर परिवार को जल्द फेमिली आईडी कार्ड जारी करने वाली है। इस कार्ड में परिवार के हर व्यक्ति का विवरण होगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास काम नहीं होगा तो सरकार उसे काम दिलाएगी। जिसके पास मकान, शौचालय, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड नहीं होगा उसके पास खुद जाकर सरकार यह सुविधा उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में युवा के लिए आजीविका है तो आस्था का सम्मान भी है। बहन, बेटियों, व्यापारियों को सुरक्षा है। सरकार विकास को आगे बढ़ाने और विरासत के संरक्षण का कार्य कर रही है।
योगी ने राप्तीनगर विस्तार एवं स्पोर्ट्स सिटी प्रोजेक्ट की तारीफ करते हुए कहा कि इस परियोजना से हर वर्ग को उसकी जरूरत के अनुसार आवासीय सुविधा का लाभ मिलेगा तो साथ ही यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम युवाओं की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि खेल को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार सभी जिलों में खेलो इंडिया सेंटर बना रही है तो उसी तरह प्रदेश सरकार खेलो यूपी सेंटर बना रही है। उन्होंने गोरखपुर की उपलब्धियों में खाद कारखाना, फोरलेन सड़कों, एम्स, रामगढ़ताल के साथ स्पोर्ट्स सिटी और नई टाउनशिप को जोड़ते हुए कहा कि जब यह प्रोजेक्ट पूरा होगा तो गोरखपुर की एक नई पहचान बन जाएगी। ’हम समस्या नहीं समाधान पर विश्वास करते हैं’
उन्होंने 2014 में गोरखपुर के मानबेला में हुई नरेंद्र मोदी की जनसभा का स्मरण कराते हुए कहा कि तबकी सरकार ने खाद कारखाना परिसर में अनुमति नहीं दी। तब नागरिकों के सहयोग से इसी मैदान पर मोदी जी की ऐतिहासिक सभा हुई।
उन्होंने पूर्व की सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि समाज को जाति में बांटने वाले शोषण करने वाले लोगों के सामने समस्या खड़ी करते थे। उन्होंने किसानों को मुआवजा देने में आनाकानी की जबकि हम समस्या नहीं समाधान पर विश्वास करते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं और साथ ही उन्होंने कहा कि इस समय पूरे देश मे एक ही स्वर है फिर एक बार मोदी सरकार। उन्होंने लोगों से इस नारे का जोरदार उद्घोष भी कराया।
समारोह को सांसद रविकिशन शुक्ल और महापौर डॉण् मंगलेश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया जबकि मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने लोकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उदय प्रदीप

Share:

Comments

Leave a comment