मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है सोमवार को

Wasim24 December 20231 min read0 viewsराजनीति

भोपाल, 24 दिसंबर (कड़वा सत्य) मध्यप्रदेश के नवगठित डॉ मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार सोमवार को दिन में हाे सकता है। सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से इस संबंध में उच्च स्तर पर विचार विमर्श पूरा हो गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से विचार विमर्श हो गया है। साेमवार 25 दिसंबर को दिन में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
डॉ यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण की थी। उनके साथ श्री जगदीश देवड़ा और श्री राजेंद्र शुक्ला ने भी उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है। इसके बाद से ही राज्य में मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलें चल रही हैं। माना जा रहा है कि अब सोमवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ यादव शनिवार को उज्जैन की यात्रा पर थे। दोपहर बाद उनका दिल्ली जाने का अचानक कार्यक्रम बना और वे शनिवार देर शाम से दिल्ली में हैं। डॉ यादव के रविवार की रात्रि में दिल्ली से वापस लौटने की संभावना है।
राज्य विधानसभा में कुल 230 सीटों के मद्देनजर निर्धारित मापदंड के अनुरूप मंत्रियों की अधिकतम संख्या 35 हो सकती है, जिसमें मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। इस तरह वर्तमान में मंत्रिमंडल में 32 सीटें रिक्त हैं। लेकिन सामान्यत: रणनीतिक तौर पर मंत्रियों के कुछ पद रिक्त रखे जाते हैं। इस तरह मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान अधिकतम 32 मंत्री ही शामिल किए जा सकते हैं।
प्रशांत

Share:

Comments

Leave a comment