हृदय नाथ सिंह पंचतत्व में विलीन

Wasim2 January 20242 min read0 viewsराजनीति

सुलतानपुर, 02 जनवरी (कड़वा सत्य) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हृदयनाथ सिंह का मंगलवार को लखनऊ में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार सुलतानपुर जिले के करौंदीकला क्षेत्र के इमलिया घाट पर हुआ। अंतिम संस्कार में भाजपा के तमाम नेता और संघ परिवार के पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री सिंह का मंगलवार सुबह डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। उनकी शवयात्रा लखनऊ से जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील अंतर्गत उनके पैतृक गांव अमावा खुर्द पहुंची। वहां परिजनों के अंतिम दर्शन करने के बाद उनका अंतिम संस्कार के लिए करौंदीकला थाना अन्तर्गत इमलिया घाट पर ले जाया गया। जहां उनका अंतिम संस्कार सम्पन्न हुआ।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, सहकारिता मंत्री जे.पी.एस राठौर, गिरीश चन्द्र यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल आदि शामिल हुए। इससे पहले जिले के संघ परिवार के पदाधिकारी कार्यकर्ताओ ने पयागीपुर चौराहे के पास उनके शव यात्रा को रोककर उनके शव पर पुष्प चक्र, माला व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित किया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ ए के सिंह, विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश जी, सह जिला संघचालक अजय गुप्ता सहित संघ के डॉ रमाशंकर मिश्र, डॉ पवनेश मिश्र, सुदीप पाल सिंह, राकेश मणि त्रिपाठी आदि शामिल रहे।
इससे पहले उनका पार्थिव शरीर भाजपा के प्रदेश कार्यालय लाया गया जहां मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री सुरेश खन्ना,सूर्य प्रताप शाही समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किये।
गौरतलब है कि हृदयनाथ सिंह झारखंड में भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री के अलावा काशी और ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री भी रहे। इससे पहले वह सुलतानपुर, अयोध्या और झांसी के संघ के विभाग प्रचारक रहे। हरदोई और पीलीभीत के जिला प्रचारक रहे। आपातकाल के दौरान उन्होंने काम किया और जेल भी गए। जौनपुर के निवासी हृदयनाथ सिंह गोरखपुर में पढ़ाई के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े। इसके बाद वह आरएसएस के प्रचारक बन गए थे। वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।
सं प्रदीप

Share:

Comments

Leave a comment