मान सिंह ने एशियाई मैराथन में जीता स्वर्ण पदक

Wasim21 January 20241 min read0 viewsखेल

हांगकांग 21 जनवरी (कड़वा सत्य) भारत के मान सिंह ने रविवार को आयोजित एशियाई मैराथन चैंपियनशिप 2024 में दो घंटे 14 मिनट और 19 सेकेंड (2:14:19) के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
34 वर्षीय भारतीय मैराथन धावक ने पुरुषों की स्पर्धा में चीन के हुआंग योंगझेंग को 65 सेकेंड के अंतर से हराया। हुआंग को रजत पदक मिला वहीं किर्गिस्तान के तियापकीन इल्या 2:18:18 समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक मिला।
इस स्पर्धा में भाग ले रहे अन्य भारतीय धावक बेलियप्पा अप्पाचांगडा बोपैया 2:20:20 समय के साथ छठे स्थान पर रहे।
उल्लेखनीय है कि मान सिंह का पिछला व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 2:16:58 था, जो उन्होंने मुंबई मैराथन 2023 में बनाया गया था। पुरुषों की मैराथन में भारत का राष्ट्रीय रिकॉर्ड शिवनाथ सिंह का है, जिन्होंने 1978 में जालंधर में 2:12:00 का समय निकाला था। पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए, पुरुषों की मैराथन में प्रवेश मानक 2:08:10 है।
मान सिंह एशियाई खेल 2023 में भारतीय दल का हिस्सा थे जहां वह मैराथन स्पर्धा में 2:16:59 के समय के साथ आठवें स्थान पर रहे थे।
एशियाई मैराथन चैंपियनशिप 2024 में चार भारतीय धावकों ने हिस्सा लिया। महिलाओं की स्पर्धा में, भारत की अश्विनी जाधव 2:56:42 समय के साथ आठवें स्थान पर रहीं और ज्योति गावटे ने 3:06:20 का समय निकाला और वह 11वें स्थान पर रहीं। पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए महिला मैराथन के लिए प्रवेश मानक 2:26:50 है।
राम

Share:

Comments

Leave a comment