पटना: उद्योग विभाग, बिहार सरकार की माननीय मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) एवं आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (IDA) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा श्री कुंदन कुमार द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बियाडा एवं आएडा अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं, उनकी वर्तमान प्रगति तथा भावी कार्ययोजनाओं से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई गई।

समीक्षात्मक बैठक में बियाडा एवं आएडा की कार्यप्रणाली, प्राधिकरणों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास, निवेश प्रोत्साहन तथा विभागीय गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन, औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने, निवेशकों के लिए सुदृढ़ एवं उद्योग-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने तथा रोजगार सृजन को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
माननीय मंत्री ने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग सचिव के कुशल नेतृत्व में बियाडा एवं आएडा द्वारा किए जारहे विभिन्न कार्यों की सराहना की एवं कहा कि राज्य सरकार बिहार में उद्योग एवं निवेश को प्रोत्साहित करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा निवेशकों को बेहतर सुविधाएं एवं अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
बैठक में निदेशक एमएसएमई श्री अमन समीर, उद्योग निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता सहित विभाग एवं प्राधिकार के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।













