पटना हाई कोर्ट के जस्टिस संजय कुमार सिंह ने सपरिवार बाबा हरिहरनाथ मंदिर में टेका मत्था
पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह और उनके परिवार ने सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

बिहार के सारण जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर की महिमा निराली है। इसी आस्था के बीच शनिवार को पटना हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह अपनी धर्मपत्नी और पुत्र के साथ ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। न्यायमूर्ति ने सपरिवार मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर अपनी आस्था प्रकट की।
मंदिर के गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जस्टिस संजय कुमार सिंह और उनके परिजनों ने विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यक्तिगत प्रार्थना की, बल्कि पूरे राज्य की सुख, शांति और समृद्धि के लिए भी बाबा हरिहरनाथ से मंगल कामना की।
प्रशासनिक तैयारी और सम्मान
हाई कोर्ट के न्यायाधीश के आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि पूजा के दौरान कोई व्यवधान न आए।
इस खास मौके पर मंदिर न्यास समिति के पुजारी ने न्यायमूर्ति और उनके परिवार का स्वागत किया। उन्हें अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सोनपुर अनुमंडल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का समन्वय किया।