फरीदाबाद: होटल में प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या, वारदात के बाद प्रेमी फरार
फरीदाबाद के एक होटल में 35 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। आरोपी प्रेमी मौके से फरार है, पुलिस तलाश में जुटी है।

हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक होटल के कमरे में 35 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के साथ आए उसके प्रेमी ने ही उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया और खुद मौके से रफूचक्कर हो गया। यह पूरी घटना बल्लभगढ़ स्थित मथुरा रोड के एक होटल की है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के खड़गपुर की रहने वाली चांदनी शनिवार सुबह अपने प्रेमी शेखर (39) के साथ इस होटल में पहुंची थी। दोनों ने खुद को कपल बताया और होटल के कमरा नंबर 201 को बुक किया। दिनभर दोनों कमरे में ही रहे और दोपहर में साथ खाना भी खाया। किसी को अंदाजा नहीं था कि होटल के कमरे के भीतर कुछ खौफनाक साजिश रची जा रही है।
दरवाजा खुला देख कर्मचारी के उड़े होश
वारदात का खुलासा तब हुआ जब रात की शिफ्ट में तैनात होटल कर्मचारी कमरे की तरफ गया। उसने देखा कि कमरा नंबर 201 का दरवाजा खुला हुआ है। जब वह अंदर दाखिल हुआ, तो चांदनी बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी और शेखर वहां मौजूद नहीं था। कर्मचारी ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घबराए कर्मचारी ने शोर मचाया, जिसके बाद होटल मैनेजर और अन्य स्टाफ वहां पहुंचे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और चांदनी को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। शहर थाना इंचार्ज उमेश कुमार ने बताया कि महिला के गले पर निशान मिले हैं, जिससे आशंका है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और पुलिस अब फरार आरोपी शेखर की तलाश में जुटी है। पुलिस का मानना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और वारदात के समय का सटीक पता चल सकेगा।