दिल्ली: इंटरव्यू देने जा रहे डिलीवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत, डिवाइडर से टकराई बाइक
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में तेज रफ्तार बाइक फिसलने से एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई, वह दोस्त के साथ जॉब इंटरव्यू के लिए जा रहा था।

देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां नंद नगरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय की सड़क दुर्घटना में जान चली गई। मृतक की पहचान आर्यन के रूप में हुई है, जो अपने दोस्त के साथ एक बड़ी कंपनी में नौकरी के इंटरव्यू के लिए जा रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 9:55 बजे हुआ। आर्यन अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था और उसके पीछे उसका 18 वर्षीय दोस्त देव बैठा था। दोनों फ्लिपकार्ट (Flipkart) में जॉब इंटरव्यू के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार की वजह से बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और आर्यन का सिर सड़क के डिवाइडर से जोर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया मुआयना
हादसे के वक्त बाइक पर पीछे बैठे दोस्त देव को मामूली चोटें आई हैं। उसे तुरंत राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) राहुल अलवाल ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के विशेषज्ञों और क्राइम इन्वेस्टिगेशन टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण वह फिसल गई। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों और घटनाक्रम का पूरी तरह पता लगाया जा सके।