गफ्फार मार्केट में भीषण आग से भारी नुकसान, सांसद योगेंद्र चंदोलिया बोले- सरकार देगी मुआवजा
दिल्ली के गफ्फार मार्केट में भीषण आग से भारी नुकसान हुआ। सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने मौके पर पहुंचकर जांच और मुआवजे का आश्वासन दिया है।

दिल्ली के करोल बाग स्थित मशहूर गफ्फार मार्केट में एक दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना की गंभीरता को देखते हुए उत्तर पश्चिम दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय हर कारोबारी के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है और ऐसे समय में इस तरह का नुकसान मानसिक और आर्थिक रूप से बड़ा झटका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में मुआवजे पर चर्चा करेगी और आग लगने के असली कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच कराई जाएगी।
वेंटिलेशन की कमी और तंग गलियों ने बढ़ाई मुश्किल
फायर विभाग के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एमके चट्टोपाध्याय ने बताया कि जिस बिल्डिंग (पुरी प्लाजा, ब्लॉक 13, चैन वाली गली) में आग लगी, वहां वेंटिलेशन की भारी कमी थी। बिल्डिंग में केवल एक ही सीढ़ी थी, जबकि हर मंजिल पर करीब 14-15 दुकानें थीं, जिससे राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर की एक-दो दुकानों से हुई, जिसमें मोबाइल एक्सेसरीज और क्रॉकरी का सामान था। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई। अधिकारियों के मुताबिक, बिल्डिंग में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें (G+3) थीं। गनीमत रही कि बेसमेंट सुरक्षित रहा और समय रहते दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं, जिससे आग अन्य इमारतों में नहीं फैली।
सांसद चंदोलिया ने फायर विभाग की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि अगर प्रशासन और दमकल कर्मी समय पर नहीं पहुंचते, तो यह तबाही और भी ज्यादा भयावह हो सकती थी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और पूरी बिल्डिंग की सर्चिंग की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अंदर फंसा न हो।