मध्यप्रदेश: मुरैना में ट्रैक्टर और चार पहिया वाहन के बीच फंसी स्कूटी, शिक्षक दंपत्ति समेत बच्ची गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार पोरसा निवासी जितेंद्र सिंह चौहान बुधवार सुबह अपनी बहन के यहां अंझेड़ा गांव गए थे। दोपहर में वह अपनी पत्नी वर्षा चौहान और बच्ची विधि के साथ स्कूटी से वापस पोरसा लौट रहे थे।

मुरैना: अंबाह-पोरसा मार्ग पर किशनपुरा बंबा के पास बुधवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार शिक्षक दंपत्ति सहित 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों की पहचान पोरसा निवासी जितेंद्र सिंह चौहान, उनकी पत्नी वर्षा चौहान और 12 वर्षीय बच्ची विधि चौहान के रूप में हुई है। घायल दंपत्ति सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। हादसे के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए अंबाह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मुरैना रेफर कर दिया गया।
बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार पोरसा निवासी जितेंद्र सिंह चौहान बुधवार सुबह अपनी बहन के यहां अंझेड़ा गांव गए थे। दोपहर में वह अपनी पत्नी वर्षा चौहान और बच्ची विधि के साथ स्कूटी से वापस पोरसा लौट रहे थे। इसी दौरान किशनपुरा बंबा के पास अचानक ट्रैक्टर और एक चार पहिया वाहन सामने आ गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी दोनों वाहनों की चपेट में आ गई और जोरदार टक्कर के बाद स्कूटी सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
टक्कर कैसे हुई, घायलों को भी नहीं पता
हादसे में घायल दंपत्ति का कहना है कि अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी और वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि स्कूटी को टक्कर किस वाहन ने मारी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में ट्रैक्टर और चार पहिया वाहन की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।