बेगूसराय: बिहार में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर बड़ी कारवाई,आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को पटना के ADM (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी, जो दानापुर की जिला अवर निबंधक हैं, के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पटना और बेगूसराय में अधिकारियों के आवास समेत अन्य ठिकानों पर निगरानी की टीम ने तलाशी अभियान चलाया।
पटना के दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के ब्लॉक-बी, फ्लैट नंबर 304 में हुई तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। टीम को 500 रुपये के नोटों की 100 से अधिक गड्डियां मिली हैं। बरामद नकदी की मात्रा एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 35 से अधिक महंगी घड़ियां भी बरामद किए जाने की जानकारी है।
निगरानी विभाग की कार्रवाई के दौरान बेगूसराय स्थित ठिकानों पर भी तलाशी ली गई। बताया जाता है कि रविंद्र कुमार दिवाकर पूर्व में गयाजी में SDM के पद पर रह चुके हैं और सारण में DPRO की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेजों, नकदी और अन्य संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामदगी और संपत्ति से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।





