सिंगरौली: मध्य प्रदेश की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह साइबर ठगी की कोशिश का शिकार हुई हैं। साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर उनके संपर्क में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य परिचितों से पैसों की मांग की। इस घटना के सामने आते ही सिंगरौली से लेकर भोपाल तक के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया।
राज्यमंत्री के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को कूरियर डिलीवरी बॉय बताया और बातचीत के दौरान ओटीपी हासिल करने का प्रयास किया। इसी प्रक्रिया के दौरान शातिर ठग ने उनके फोन का एक्सेस हासिल कर उसे हैक कर लिया।
फोन हैक करने के तुरंत बाद ठग ने राज्यमंत्री की फोनबुक में मौजूद संपर्कों पर आर्थिक मदद मांगने के मैसेज भेजने शुरू कर दिए। मंत्री के फोन में कई आईएएस आईपीएस अधिकारियों, प्रदेश के अन्य मंत्रियों और कई प्रतिष्ठित हस्तियों के नंबर सेव थे। जब कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को पैसों की मांग वाले संदेश मिले, तो उन्होंने पुष्टि के लिए सीधे राज्यमंत्री को फोन किया। इसके बाद ही इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ कि मैसेज राज्यमंत्री ने नहीं, बल्कि किसी साइबर ठग ने भेजे हैं।
राज्यमंत्री राधा सिंह को जैसे ही धोखाधड़ी का संदेह हुआ, उन्होंने तुरंत अपने स्टाफ से चर्चा की और पुलिस व अपने परिचितों को सतर्क किया। समय पर की गई इस कार्रवाई के कारण साइबर अपराधी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। राज्यमंत्री की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से हैकर का पता लगाने के लिए गहनता से जांच की जा रही है।





