औरंगाबाद: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मदनपुर थाना पुलिस ने जाली नोटों के अंतरराज्यीय सिंडिकेट पर बड़ी चोट की है। सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 2 लाख 48 हजार 500 रुपये के नकली नोट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा को जाली नोटों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में मदनपुर थाना मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान गया की ओर से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

तलाशी में उसके पास से 500-500 रुपये के 297 जाली नोट बरामद हुए। बरामद नकली नोटों की कीमत 1 लाख 48 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के बाबू बांध निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

सुरेंद्र से पूछताछ के बाद पुलिस गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सोमिया गांव निवासी 45 वर्षीय विजय यादव तक पहुंची। मिठाइयां मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 500-500 के 200 जाली नोट मिले, जिनकी कीमत 1 लाख रुपये है।

इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल 497 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

एसडीपीओ आदित्य कुमार ने मदनपुर अनुमंडल कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बताया कि दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले में मदनपुर थाना कांड संख्या 317/26, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस अब बरामद मोबाइलों के आधार पर जाली नोटों के सोर्स और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आशंका है कि इन नोटों को औरंगाबाद सहित आसपास के जिलों में खपाया जाना था।

एसडीपीओ ने कहा कि यह कार्रवाई जाली नोटों के कारोबार पर बड़ी चोट है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।