सिरोही: शिवगंज में संत त्रिवेणी गिरी महाराज की मौत के मामले में संत समाज का आक्रोश अब आंदोलन की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। मामले में जल्द खुलासा और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को शिवगंज थाने के घेराव की चेतावनी दी गई है। माउंट आबू के महंत निरंजन गिरी महाराज ने संत समाज और श्रद्धालुओं से एकजुट होकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आवाज उठाने का आह्वान किया है। संत समाज का कहना है कि घटना को लेकर कई सवाल खड़े हैं और जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

संत समाज के अनुसार कामेश्वर महादेव मंदिर के पास संत त्रिवेणी गिरी महाराज का शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति को लेकर संतों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। संतों का दावा है कि चेहरे पर जलने के निशान, पैरों पर चोट के निशान तथा घटनास्थल के आसपास बिखरा सामान घटना को संदिग्ध बनाता है।

संत समाज ने मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कथित तौर पर गलत खबरों के प्रसारण को लेकर भी नाराजगी जाहिर की गई है।

महंत निरंजन गिरी महाराज की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि मामले का जल्द खुलासा नहीं हुआ और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 10 अक्टूबर को बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु शिवगंज पहुंचेंगे तथा थाने के घेराव का कार्यक्रम किया जाएगा।

प्रशासन और पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक सच्चाई सामने लाने की है। संत समाज की नजर अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर बनी हुई है।