औरंगाबाद: जिले में अपराध और शराबबंदी पर नियंत्रण के लिए औरंगाबाद पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच के साथ-साथ अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के अनुसार बीते 24 घंटे में पुलिस ने कुल 50 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 22 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है। गिरफ्तार लोगों में हत्या के मामले में 3, आर्म्स एक्ट के मामले में 1, एससी-एसटी एक्ट के मामले में 2 और मद्यनिषेध अधिनियम के तहत 8 लोग शामिल हैं। इसके अलावा अन्य मामलों में 36 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने इस दौरान 4 वारंट और 4 कुर्की का भी निष्पादन किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 970 वाहनों की जांच की और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 53 हजार रुपये की शमन राशि वसूली। वहीं मद्यनिषेध को लेकर 5 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने एक देशी थनेर, एक खोखा, दो मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।

नरारीकला थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत सरिता कुमारी को 5 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं नगर थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के आरोपी आजम फैजी को छतरपुर झारखंड से एक मोबाइल के साथ पकड़ा। बन्देया थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में तीन आरोपियों को धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया।

खुदवां थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट में छोटू यादव को देशी थनेर और खोखा के साथ पकड़ा। इसके अलावा पौथू और रफीगंज थाना पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। औरंगाबाद पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।