मंदसौर: शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में एक बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार से पुलिस ने 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम कार की बॉडी में विशेष तरीके से बनाए गए गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। जब्त नकदी के स्रोत और इतनी बड़ी रकम को छिपाकर रखने के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर उत्तर प्रदेश के दो व्यक्ति बिना नंबर की स्कॉर्पियो-एन कार से पहुंचे हैं। कार घर के पीछे बने बाड़े में खड़ी है। सूचना में यह भी बताया गया कि कार में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित रकम होने की आशंका है, जिसे विशेष तरीके से छिपाया गया है, सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीम ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के निवास पर दबिश दी।
मौके पर बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार और तीन व्यक्ति मिले। पुलिस ने सरपंच भवानीशंकर मीणा के साथ उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद इस्लाम और सूर्य प्रकाश को हिरासत में लिया, पूछताछ के दौरान तीनों की ओर से नकदी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस उन्हें शामगढ़ थाने लेकर पहुंची। इसके बाद कार की गहन तलाशी के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। मैकेनिक की मदद से कार की बॉडी खुलवाकर जांच की गई, तो उसके भीतर बनाए गए गुप्त स्थानों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, कार से कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। इसके अलावा करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन कार भी जब्त की गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी, इसका वास्तविक स्रोत क्या है और इसे कार में छिपाकर कहां ले जाया जाना था। मामले में आयकर विभाग को भी सूचना दी जाएगी, ताकि नकदी के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस की पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।





