पीरीबाजार: थाना क्षेत्र के अभयपुर के कसबा पंचायत अंतर्गत बेनीपुर गांव के ग्रामीणों व अभिभावकों ने एक शिक्षक पर बच्चों के साथ मारपीट करने, जातिसूचक टिप्पणी करने तथा विद्यालय से नाम काटने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी, लखीसराय को सामूहिक आवेदन देकर शिक्षक के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में कहा गया है कि बेनीपुर के ग्रामीण व अभिभावकों के बच्चे +2 उच्च विद्यालय अभयपुर में पढ़ते हैं। आवेदन के अनुसार विद्यालय में कार्यरत शिक्षक पिंकेश कुमार द्वारा बच्चों के साथ कथित रूप से मारपीट एवं दुर्व्यवहार किया जाता है।

 

आरोप है कि शिक्षक द्वारा बच्चों को विद्यालय से नाम काटने की धमकी देने के साथ जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की जाती है। इससे बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है और अभिभावक भी चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस कथित व्यवहार को लेकर पूर्व में भी मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक के व्यवहार से बच्चों के मानसिक एवं मनोवैज्ञानिक परेशानी का माहौल बन रहा है।

 

अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक शिक्षा का स्थान है, जहां किसी भी छात्र के साथ भेदभाव, अपमान या मारपीट स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, एवं संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगायी है।ग्रामीणों ने आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी लखीसराय, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, तथा पीरीबाजार थाना अध्यक्ष को भी दी है।