बूंदी: जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाडून में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को छात्रों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने चंदनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने के लिए शिक्षक उपलब्ध हैं, लेकिन कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं।

विद्यार्थियों का कहना है कि उच्च कक्षाओं में विषयवार शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई बार विद्यालय में आने वाले अधिकारियों के समक्ष भी शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। छात्रों ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। कई बार अन्य कक्षाओं के शिक्षकों से पढ़ाई करवानी पड़ती है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ शिक्षकों पर भी अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

शिक्षकों की मांग को लेकर बुधवार को छात्र-छात्राएं और ग्रामीण चंदनपुरा चौराहे पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन ने चक्का जाम का रूप ले लिया। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी समस्या को लेकर कई बार मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर होना पड़ा।

सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से बातचीत की। नैनवां सीबीओ ने बताया कि विद्यालय में पहले शिक्षक नियुक्त थे, लेकिन कुछ कारणों के चलते उनकी नियुक्ति दूसरी जगह कर दी गई थी। इसके बाद विद्यालय में शिक्षकों की कमी हो गई।

अधिकारियों की ओर से लिखित समझौता किए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। समझौते के अनुसार विद्यालय में दो शिक्षकों की नियुक्ति तत्काल की गई है, जो गुरुवार को विद्यालय पहुंच जाएंगे।