सूरजपुर: रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चाकू और पिस्टलनुमा हथियार लेकर बलेनो कार में घूम रहे दो युवकों को डायल 112 के आरक्षक की सजगता और ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने धरदबोचा। आरक्षक की त्वरित सूचना और सूझबूझ से पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की शाम डायल 112 में तैनात आरक्षक प्रदीप सोनवानी को सूचना मिली कि ग्राम मंहगई हरिजनपारा में बलेनो कार क्रमांक सीजी 29 एजी 1126 में सवार चालक और उसका साथी हथियार लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर आरक्षक ने ग्रामीणों के सहयोग से संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया।
इसके बाद रामानुजनगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार सवार कैफ अंसारी पिता सहाबुद्दीन अंसारी, उम्र 24 वर्ष तथा विकास रवि पिता स्व. रामकुमार रवि, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी नावापारा खुर्द को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू और एक पिस्टल जैसा हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने बलेनो कार, चाकू और पिस्टलनुमा हथियार को जब्त कर लिया। मामले में थाना रामानुजनगर में अपराध क्रमांक 237/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हथियारों के साथ संदिग्धों के घूमने की सूचना मिलने पर आरक्षक प्रदीप सोनवानी ने जिस तरह तत्काल सतर्कता दिखाई और ग्रामीणों के सहयोग से दोनों आरोपियों को पुलिस के पहुंचने से पहले ही रोक लिया, उसकी पुलिस विभाग में सराहना की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरक्षक प्रदीप सोनवानी की कर्तव्यनिष्ठा, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।





