डिंडौरी। जिला मुख्यालय के बाईपास स्थित राय सिटी चौराहे पर उस समय सनसनी फैल गई, जब झोपड़ी बनाकर दुकान संचालित करने वाली 48 वर्षीय महिला लता नागेश का शव संदिग्ध अवस्था में झोपड़ी के अंदर मिला। महिला भैंस लगान निवासी बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।

फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस द्वारा मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े लोगों और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत स्वाभाविक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।