राजगढ़ : जिले के चिड़लावनिया और अमलारोड़ के बीच शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे ओमनी वैन ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी हादसे में 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। वही बच्चे के पिता गंभीर रूप से घायल हो ग़ए, जबकि मां को मामूली चोटें आई। दोनो घायलों को पचोर में प्राथमिक उपचार के बाद शुजालपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए चार थानों के टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

मृत्युभोज से लौट रहा था परिवार, वैन ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, अमलारोड़ निवासी भगवान सिंह नागर शुक्रवार को पत्नी रीना नागर और 5 वर्षीय बेटे निर्भय उर्फ नमन के साथ देहरी बामन गांव मे मृत्युभोज में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव अमलारोड़ लौट रहे।

शाम करीब 4:30 बजे जब वे चिड़लावनिया और अमलारोड़ के बीच पहुंचे, तभी सारंगपुर से खुजनेर की ओर जा रही ओमनी वैन क्रमांक MP 09 AF 8253 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में निर्भय उर्फ नमन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे भगवानसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी रीना नागर को मामूली चोटें आई।

ग्रामीणों की भीड़ जुटी, चार थानों का पुलिस बल पहुंचा

हादसे की सूचना मिलते ही पचोर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ओमनी वैन को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी फैलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो की उग्र भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल बुलाया।

घटना के बाद खुजनेर, लीमाचौहान और सारंगपुर के थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। चारों थानो की पुलिस की मौजूदगी में स्थिति संभाली गई। हादसे मे मासूम की मौत से परिवार पर दुखो का पहाड टूट पड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।