कोरबा: उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बागबुड़ा में 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर ने कीटनाशक का सेवन कर अपनी जान दे दी। किसान पर 30 हजार रुपये का कर्ज था और वह अकेले खेती-किसानी के भारी बोझ व मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परदेसी राम कंवर अपनी 3 एकड़ जमीन पर अकेले ही खेती का पूरा काम संभालता था। कीटनाशक सेवन के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी, तो परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि उसके पिता अक्सर इस बात को लेकर तनाव में रहते थे कि परिवार के अन्य सदस्य खेती के काम में ध्यान नहीं देते और पूरा दारोमदार उन्हें अकेले ही संभालना पड़ता है। इसी मानसिक दबाव और कर्ज के चलते उन्होंने यह घातक कदम उठा लिया।
मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था वर्मा ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की मर्ग जांच व वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





