डिंडौरी : जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अपने ही विभाग के जनसंपर्क अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारी कोशा सिंह ने जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह पर समयमान वेतनमान का लाभ दिलाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर कर्मचारी ने आयुक्त जनसंपर्क, भोपाल के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कर्मचारी कोशा सिंह ने आरोप लगाया है कि वह समयमान वेतनमान का लाभ पाने के लिए विभागीय प्रक्रिया के तहत प्रयास कर रहे हैं।
इसी दौरान जनसंपर्क अधिकारी द्वारा कथित तौर पर उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई। कर्मचारी का आरोप है कि राशि नहीं देने की स्थिति में उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़ित कर्मचारी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जनसंपर्क अधिकारी द्वारा कथित तौर पर उनके घर आकर जान से मारने की धमकी दी गई।
इन आरोपों के बाद कर्मचारी ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। इधर, कर्मचारी द्वारा आयुक्त जनसंपर्क भोपाल को दी गई शिकायत की प्रति सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। शिकायत सामने आने के बाद विभागीय कार्यालय में लगाए गए इन आरोपों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगने और धमकी देने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में शिकायतकर्ता के आरोपों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि जनसंपर्क विभाग इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और जांच में लगाए गए आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।





