Nag Panchami 2026: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नागपंचमी के अवसर पर श्री कृष्ण व्यायामशाला की ओर से रविवार को ढाणी अखाड़े में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में दिल्ली, हरियाणा और पूर्वांचल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। कुश्ती देखने के लिए करीब पांच हजार दर्शकों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा अखाड़ा क्षेत्र उत्साह और तालियों से गूंज उठा।

दंगल के आयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान व एनआईएस कुश्ती प्रशिक्षक कृष्ण कुमार उर्फ कन्हैया पहलवान ने बताया कि नागपंचमी पर हर वर्ष अखाड़े में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी दूर-दराज से पहलवानों ने पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में मुख्य आकर्षण 51 हजार और 41 हजार रुपये की कुश्तियां रहीं। इसके अलावा 21 हजार, 10 हजार और पांच हजार रुपये की कई अन्य कुश्तियां भी कराई गईं।

कृष्ण कुमार ने बताया कि श्री कृष्ण व्यायामशाला में आसपास के करीब 10 से 20 गांवों के गरीब परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क कुश्ती प्रशिक्षण दिया जाता है। उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर मंच देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

उन्होंने सरकार से अखाड़े के विकास और खिलाड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की। कहा कि यदि सरकार यहां एक प्रशिक्षित कोच की नियुक्ति कर दे तो क्षेत्र से और बेहतर पहलवान तैयार किए जा सकते हैं।

दंगल में छब्बू पटेल, चंद्रशेखर यादव, राजकुमार जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।