डीडवाना - कुचामन: 22 अगस्त की रात ग्राम लुकास में हुई सनसनीखेज नकबजनी का निम्बी जोधा थाना पुलिस ने 10 दिन तक चले 24×7 ऑपरेशन के बाद खुलासा करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने रात करीब 2 से 4 बजे के बीच गोपालराम पुत्र मेघाराम जाट के मकान में लोहे की खिड़की की ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया और करीब 4 से 5 क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी उठाकर फरार हो गए। तिजोरी में करीब 3.50 लाख रुपये नकद, 15 भरी सोने के आभूषण, करीब एक किलो चांदी के आभूषण और नए वाहन की चाबी रखी थी।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल और एमओबी टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा के पर्यवेक्षण तथा वृत्ताधिकारी लाडनूं जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने वारदात के बाद बदमाशों की गतिविधियों और भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मैदानी सत्यापन में आरोपियों का रूट लुकास से सीकर जिले के खंडेला, उदयपुरवाटी, नीमकाथाना, झुंझुनूं के मंडावा, बाबई और खेतड़ी होते हुए हरियाणा के नारनौल, महेंद्रगढ़, नूंह तथा अलवर-मewात क्षेत्र तक सामने आया।
बदमाश पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन बंद रखते थे, बार-बार ठिकाने बदलते थे और वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। नीमकाथाना क्षेत्र के करीब 15 से 20 किलोमीटर के दुर्गम खनन क्षेत्र में संभावित ठिकानों की तलाश के लिए ड्रोन टीम की भी मदद ली गई। लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और मैदानी कार्रवाई के बाद पुलिस ने चंद्रपाल उर्फ सी.पी. पुत्र स्वर्गीय सुरेशकुमार माली, निवासी नीमकाथाना सदर क्षेत्र सीकर; मुकेश मीणा उर्फ डेढ़ पुटिया पुत्र अमीचंद मीणा, निवासी सांवलपुरा शेखावतान थाना अजीतगढ़ सीकर; नरेश उर्फ दिनेश मीणा पुत्र रामकिशन मीणा, निवासी बाजोली थाना रेणी अलवर तथा गौरव डोरिया उर्फ जगा पुत्र बाबूलाल जगा, निवासी रेणी अलवर, हाल जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी शातिर एवं आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, लूट, डकैती धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट कई के मुकदमे दर्ज है।





