झालावाड़: भाट समाज के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा को लेकर समाज के लोगों ने शांतिपूर्ण वाहन रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। रैली में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठजन शामिल हुए। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष एवं उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की।

समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि हाल ही में प्रमोद शर्मा द्वारा भाट समाज के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उनका कहना था कि किसी भी समाज, जाति या समुदाय के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना सामाजिक सौहार्द, संविधान की भावना और आपसी भाईचारे के विपरीत है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने का साहस न कर सके।

इस अवसर पर समाज के वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति या समुदाय से वैमनस्य बढ़ाना नहीं, बल्कि समाज के सम्मान की रक्षा करना और न्याय की मांग करना है। उन्होंने सभी समाजजनों से शांति, संयम और कानून पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों ने एकजुट रहकर समाज की एकता, सम्मान और गौरव की रक्षा का संकल्प लिया तथा प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई।