सीतापुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष व जनपद- सीतापुर के जिला अध्यक्ष रवींद्र दीक्षित व जिला मंत्री हंसराज वर्मा के नेतृत्व में जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी फूल चंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचालित पीएम पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के संचालन, अनुश्रवण एवं कार्यवाही से संबंधित समस्याओं के निराकरण की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि पीएम पोषण योजना के अंतर्गत विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के संचालन एवं दायित्वों को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को कई स्तरों पर जिम्मेदार ठहराया जाता है, जबकि भोजन निर्माण एवं अन्य व्यवस्थाओं में ग्राम पंचायत स्तर की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। संघ ने मांग की कि किसी भी विद्यालय में अनियमितता पाए जाने पर वास्तविक जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए ही कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में भोजन समय से उपलब्ध न होने, गैस सिलेंडर की आपूर्ति एवं विद्यालयों तक सिलेंडर उपलब्ध न होने, बंद पड़े गैस कनेक्शनों के नवीनीकरण, नए गैस सिलेंडर खरीदने के लिए धनराशि उपलब्ध न होने जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया। साथ ही भोजन की गुणवत्ता के नमूनों से वास्तविक भोजन का मिलान न किए जाने तथा भोजन की वास्तविक मात्रा और भुगतान की धनराशि के अनुपात की समुचित जांच न होने की समस्या भी उठाई गई।

शिक्षक संघ ने रसोइयों के चयन में प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक की भूमिका को सीमित रखने तथा विद्यालयों के जर्जर रसोईघर, प्लास्टर एवं बालू गिरने जैसी समस्याओं का तत्काल मरम्मत एवं कायाकल्प कराने की मांग की।

ज्ञापन में विकास क्षेत्र महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर का उल्लेख करते हुए संघ ने कहा कि पीएम पोषण योजना से संबंधित मामले में वास्तविक तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित की जाए। संघ ने संबंधित शिक्षिका के विरुद्ध दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट को वापस कराने तथा योजना के संचालन एवं अनुश्रवण की व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग भी की।

रवींद्र दीक्षित ने जिलाधिकारी से मांग की कि ज्ञापन में उल्लिखित समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराया जाए और भविष्य में पीएम पोषण योजना से संबंधित किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच के बाद वास्तविक दोषी के विरुद्ध ही कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिक्षकों की समस्याओं को लेकर दिए गए ज्ञापन में ब्लॉको के अध्यक्ष मंत्री, जिला कार्यसमिति के पदाधिकारी व सैकड़ो की संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे l